आजमगढ़ विकसित भारत–2047 के संकल्प के साथ युवा संसद गोरखपुर का आयोजन राष्ट्रचेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं युवा नेतृत्व के सशक्त संवर्धन हेतु आयोजित होने जा रहे “युवा संसद गोरखपुर” को लेकर पूर्वांचल के युवाओं में विशेष उत्साह एवं जागरूकता दृष्टिगोचर हो रही है। इस गरिमामय आयोजन 5जुलाई 2026 को शास्त्री नगर गोरखपुर में होगा जिसमें युवाओं को राष्ट्रहित, समाजोत्थान, सुशासन, शिक्षा, रोजगार एवं विकसित भारत–2047 के संकल्प पर अपने विचार अभिव्यक्त करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर युवा संसद गोरखपुर के संरक्षक रेवती रमण राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि—
युवा केवल राष्ट्र का भविष्य नहीं, अपितु वर्तमान की सबसे प्रखर शक्ति हैं। जब युवा विचार करता है तो समाज जागृत होता है, और जब युवा संकल्प लेता है तो राष्ट्र नई दिशा प्राप्त करता है। ‘युवा संसद’ केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के नवसंकल्प का उद्घोष है। विकसित भारत–2047 का स्वप्न तभी साकार होगा, जब देश का युवा वैचारिक रूप से सजग, सामाजिक रूप से उत्तरदायी तथा राष्ट्रीय भाव से समर्पित होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि पूर्वांचल की युवा शक्ति में असीम सामर्थ्य निहित है तथा आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा केवल दर्शक न रहकर राष्ट्र परिवर्तन के सक्रिय सहभागी बनें।
युवा संसद गोरखपुर का आयोजन नगर निगम सदन हॉल, शास्त्री चौक, गोरखपुर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम में सहभागिता हेतु पंजीकरण प्रारंभ है तथा पंजीकरण शुल्क ₹199 निर्धारित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी 20 जून तक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करा सकते हैं।