आजमगढ़ स्थानीय नगर पंचायत के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी आशीष कुमार राय का निलंबन इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा स्थगित करने के पश्चात उन्होंने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया ।
नगर पंचायत मार्टीनगंज के साथ महराजगंज व बूढ़नपुर का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे थे उक्त अधिशासी अधिकारी को गत 15 नवंबर 2025 को नगर निकाय निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा मुख्य राजस्व अधिकारी आजमगढ़ की जांच में प्रथम दृष्टया उच्चादेशों का पालन न करने तथा शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही व उदासीनता का दोषी पाते हुए जिलाधिकारी आजमगढ़ को दी गई आख्या तथा जिलाधिकारी की संस्तुति के पश्चात निदेशालय द्वारा निलंबित कर विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित की गई थी ।
जिसके विरुद्ध निलंबित अधिशासी अधिकारी द्वारा इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका योजित की गई । जिस पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने 10 दिसंबर को निलंबन स्थगित करते हुए विभागीय कार्यवाही को दो माह के अंदर निस्तारित करने का आदेश दिया । उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नगर निकाय निदेशालय द्वारा 15 दिसम्बर को जारी आदेश के क्रम मे उन्होंने नगर पंचायत का पुनः कार्यभार ग्रहण किया । मौके पर उपस्थित पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि महाकाल का भक्त हूं जनता के लिए जहर भी पीने के लिए भी तैयार हूं ।