आजमगढ़ दि आइरिस स्कूल द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव “रंगमंच” का आयोजन हरिऔध कला केंद्र, सिविल लाइंस में अत्यंत हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्लेग्रुप से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनशीलता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक श्री मनोज कुमार खेतान जी, प्रबंधक श्री अमित खेतान एवं प्रधानाचार्या सुश्री इशानी झुनझुनवाला द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीतात्मक नाट्य, नृत्य एवं विषयगत प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत जीवंत संवाद, मंचीय अभिव्यक्ति और कथावाचन ने यह सिद्ध किया कि मंच केवल प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के आत्मविकास और अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री अखिलेश मिश्रा जी, श्री विनोद राय जी, सुश्री विभा गोयल जी (संस्थापक – न्यू आर्ट कला केंद्र समिति), सुश्री साक्षी पांडेय जी (संस्थापक – सुदीक्षा फाउंडेशन), सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने अपने पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय श्री हनुमान प्रसाद खेतान जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शैक्षिक दृष्टिकोण एवं मूल्यों को स्मरण किया।