सैदपुर (आजमगढ़),
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवरांचल क्षेत्र स्थित आर.बी. ग्लोबल परिसर में योग और स्वास्थ्य चेतना का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। हरिजन बाल विद्या मंदिर, बाबा शुभकरन पूर्व माध्यमिक विद्यालय तथा माँ रामराजी देवी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विजयगढ़-सैदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य योग समारोह में लगभग 300 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर योग साधना की।
प्रातःकाल से ही विद्यालय परिसर में बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रीय नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लगभग दो घंटे तक चले योगाभ्यास सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास किया। संपूर्ण वातावरण "करें योग, रहें निरोग" के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
इस आयोजन की सफलता में आशीर्वाद फाउंडेशन का विशेष योगदान रहा। संस्था के माध्यम से आए वरिष्ठ योग साधक एवं सामाजिक कार्यकर्ता आदरणीय श्री रमेश चंद्र (आर.सी.) शुक्ला जी ने योगाचार्य के रूप में प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक, आध्यात्मिक और व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय परिवार के प्रेरणास्रोत आदरणीय विजय प्रकाश सिंह जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा—
योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह जीवन को अनुशासित, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण बनाने की भारतीय जीवन-पद्धति है। यदि हमारी युवा पीढ़ी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना ले, तो एक स्वस्थ, संस्कारित और आत्मविश्वासी भारत का निर्माण सुनिश्चित होगा।"
योगाचार्य श्री आर.सी. शुक्ला जी ने अपने उद्बोधन में कहा—"योग किसी एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम योग है। भारत ने विश्व को जो अमूल्य धरोहर दी है, उसे अपनाकर हम स्वयं को और समाज को बेहतर बना सकते हैं।"
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी बच्चों को विशेष योग टी-शर्ट प्रदान की गई तथा योग प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया। प्रमाण-पत्र मुख्य अतिथि श्री विजय प्रकाश सिंह जी तथा दिल्ली से पधारे योग साधक श्री आर.सी. शुक्ला जी द्वारा वितरित किए गए। बच्चों के उत्साह और प्रसन्नता ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप प्रदान कर दिया।
विशेष रूप से दिल्ली से आए वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री रमेश चंद्र शुक्ला जी ने अपने विनम्र व्यवहार, अनुशासित जीवनशैली और योगमय व्यक्तित्व से उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। वहीं मुंबई से आए श्री अभिषेक जी सहित स्थानीय क्षेत्र के श्री राजमन यादव, श्री गोरख यादव, श्री कैलाश, श्री चंद्रभान गुप्ता, श्री मुखुरी यादव एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में श्री पंकज कुमार सिंह, श्री रामकिशुन जी, श्री अलंकार कौशिक जी, श्री राजेश सिंह जी, श्री देवेंद्र सिंह जी, श्री दूधनाथ जी, श्री अशोक जी सहित अध्यापिकाओं में श्रीमती वंदना जी, श्रीमती किरण जी, श्रीमती प्रियांशु जी, श्रीमती पुष्पा जी, श्रीमती पायल जी, श्रीमती नेहा जी तथा श्री हर्षित प्रताप सिंह जी ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।