आजमगढ़ इग्नू की टर्म-एंड परीक्षा के दौरान इग्नू क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर देव नारायण पांडेय द्वारा शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की अनुशासनात्मक स्थिति, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, पहचान सत्यापन तथा परीक्षा संचालन की समस्त प्रक्रियाओं का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण अधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण तथा परीक्षा संचालन में अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने केंद्र प्रशासन द्वारा इग्नू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस अवसर पर अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. मोहम्मद ज़ाहिद ने बताया कि केंद्र पर परीक्षार्थियों की सुविधा, निष्पक्ष परीक्षा संचालन तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि अध्ययन केंद्र विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।