आजमगढ़। प्रतिदिन निकालें मुट्ठी भर अनाज, जिसे पा सके वंचित समाज की भावना को साकार करते हुए पल्हना ब्लॉक के कटाई गांव के ग्रामीणों ने प्रयास अनाज बैंक के कोष में 3.50 कुंतल गेहूं एवं चावल के साथ साड़ी, कपड़े, बिस्किट एवं अन्य उपयोगी सामग्री भेंट कर मानवता की मिसाल पेश की। प्रयास अनाज बैंक के इस अभियान ने एक बार फिर संदेश दिया कि छोटे-छोटे सहयोग मिलकर बड़े सामाजिक बदलाव का आधार बनते हैं और मानवता की सच्ची सेवा हो सकती है। अध्यक्षता ओंकार सिंह ने की।
इस अवसर पर अन्नदाता व समाजसेवी ओंकार सिंह ने कहा कि प्रयास संस्था वर्षों से जरूरतमंद परिवारों, असहाय लोगों एवं गरीब कन्याओं की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संस्था के इसी सेवा भाव से प्रेरित होकर ग्रामवासियों ने अनाज बैंक को सशक्त बनाने में अपना योगदान दिया, ताकि जरूरत के समय किसी भी जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाई जा सके। ग्रामीणों ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रयास अनाज बैंक के कोष में इजाफा करने वाले अन्नदाताओं का आभार जताते हुए नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार प्रतिदिन केवल एक मुट्ठी अनाज अलग रख दे और हर महीने उसका दान परोपकार हेतु करें तो निश्चित ही समाज के निचले वंचित वर्गों के लिए सेवा सहायता का एक बड़ा आधार तैयार हो सकता है। प्रयास टीम अन्नदाताओं की आभारी है और ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर डब्बू सिंह, अरुण पाठक, विनोद कुमार गुप्ता, चंद्रदेव सिंह (प्रधान पति), रविंद्र सिंह, सावित्री देवी, रुक्मणी देवी, रोशन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।