आजमगढ़ सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल, आजमगढ़ में विद्यार्थी-परिषद के मुख्य पदों—हेड बॉय एवं हेड गर्ल—के साथ-साथ हेड ऑफ स्कूल प्रीफेक्ट्स, स्कूल प्रीफेक्ट, कल्चरल कैप्टन (बालक एवं बालिका), स्पोर्ट्स कैप्टन (बालक एवं बालिका), हाउस कैप्टन एवं वालंटियर सहित कुल 42 पदों हेतु मतदान प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान मतदान से संबंधित सभी औपचारिकताओं का सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से निर्वहन किया गया।
लोकतंत्र के महत्व तथा उसमें सक्रिय सहभागिता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालय में यह मतदान महापर्व प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत विद्यालय के सभी हाउस मास्टर एवं अध्यापकों द्वारा कक्षा 12वीं के योग्य छात्र-छात्राओं का विभिन्न पदों के लिए नामांकन कराया जाता है। इसके उपरांत एक चुनाव समिति का गठन किया जाता है, जो निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुसार उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करती है। चुनाव समिति द्वारा सभी उम्मीदवारों को अलग-अलग कोड प्रदान किए जाते हैं, जिन्हें वे अपने चुनाव-चिह्न के रूप में अपनाकर मंच के माध्यम से समस्त छात्र-छात्राओं के समक्ष अपना प्रचार-प्रसार करते हैं तथा अपने पक्ष में अधिकाधिक मतदान करने की अपील करते हैं। इस मतदान प्रक्रिया में कक्षा 4वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रहती है।
इस वर्ष छात्र-परिषद के हेड बॉय एवं हेड गर्ल पद के लिए रेड हाउस से गौरी, अरिहंत राय एवं फ़ज़ैल ख़ान; ग्रीन हाउस से वर्तिका सिंह, अम्बरीष सिंह एवं आर्यन कुमार; ब्लू हाउस से विवेक यादव, अगम गुप्ता, पलक सिंह एवं पुलकित टिबरेवाल तथा येलो हाउस से दिशा सिंह, ओम स्वरूप एवं अंश यादव ने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की।
चुनाव अभियान के इस महापर्व के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया आधुनिक तकनीक (ई-वोटिंग) के माध्यम से संपन्न कराई गई, जिसमें विद्यालय के संगणक संकाय के सभी शिक्षकों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में अपने संबोधन में विद्यालय के प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह मतदान प्रक्रिया विद्यार्थियों में भविष्य के लिए योग्य एवं उत्तरदायी प्रतिनिधि चुनने की समझ विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के लोकतांत्रिक अभ्यास से विद्यार्थी लोकतंत्र की महत्ता को व्यावहारिक रूप से समझ सकेंगे। साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा निर्वाचित हेड बॉय एवं हेड गर्ल से विद्यालय में अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने तथा छात्र-हित में सक्रिय योगदान की अपेक्षा की जाएगी।
अंत में प्रधानाचार्य महोदय ने सभी उम्मीदवारों एवं छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक शप्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल एवं सी.ए.ओ. साक्षी बिसेन ने प्रधानाचार्य महोदय को इस सफल आयोजन के लिए विशेष बधाई एवं धन्यवाद देते हुए सभी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य की सराहना की तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।