राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर में प्रधानाचार्य डॉ. बी.डी. सिंह एवं डॉ. बी.के. पटेल ने किया पौधारोपण
आजमगढ़ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. बी.डी. सिंह एवं जूनियर परिवार यूपी इंडिया सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. बी.के. पटेल ने अपनी टीम के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. बी.डी. सिंह ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। डॉ. बी.के. पटेल ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है तथा हर नागरिक को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अन्य सदस्यों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।