आजमगढ़ राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्र संकाय प्रभाग, क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के उप-क्षेत्रीय कार्यालय आजमगढ़ द्वारा हरबंशपुर स्थित होटल में तीन दिवसीय पुनश्चर्या क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सोमवार को किया गया। शिविर का आयोजन राष्ट्रीय सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षणों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के उद्देश्य से किया गया।
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के संयुक्त निदेशक मोहम्मद तैय्यब ने किया। इस अवसर पर उपनिदेशक नॉशीन मुशर्रफ, विभिन्न उपक्षेत्रीय कार्यालयों के सहायक निदेशक, वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, सर्वे पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के प्रथम चरण में प्रवासन सर्वेक्षण जबकि द्वितीय चरण में कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण एवं अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को सर्वेक्षण की अवधारणा, उद्देश्य, परिभाषाएं, अनुसूचियां, नमूना चयन पद्धति, आंकड़ा संकलन प्रक्रिया तथा गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा हुई।
बताया गया कि राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण का 81वां चक्र जुलाई 2026 से जून 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रवासन से संबंधित सामाजिक-आर्थिक प्रभावों, रोजगार, शिक्षा, विवाह आदि कारणों से होने वाले प्रवास की प्रवृत्तियों का अध्ययन किया जाएगा। वहीं कृषि परिवारों की आय, कृषि पद्धतियों, उत्पादक परिसंपत्तियों, ऋणग्रस्तता तथा आधुनिक तकनीकों तक पहुंच का आकलन किया जाएगा।
समापन अवसर पर सहायक निदेशक श्रवण कुमार यादव ने प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।