आजमगढ़ पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशील समाज के निर्माण के उद्देश्य से लोकदायित्व द्वारा संचालित "मेरा पौधा–मेरा भाई" अभियान के अंतर्गत बाबा गोपीदास मेमोरियल स्कूल, कप्तानगंज के प्रांगण में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकदायित्व के केंद्रीय संयोजक एवं पर्यावरणविद् डॉ. पवन कुमार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र नाथ चौबे के प्रेरक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन, जल, वायु और जैव विविधता के आधार हैं। विद्यालय के निदेशक श्री रविन्द्र नाथ चौबे तथा प्राचार्या डॉ. रूही बानो ने भी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. पवन कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, घटते भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सबसे प्रभावी समाधान वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण है। उन्होंने कहा कि "पौधा लगाना पहला कदम है, लेकिन उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना ही सच्ची पर्यावरण सेवा है।"
अभियान की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने प्रत्येक पौधे को राखी बाँधकर अपना भाई बनाया, उनका नामकरण किया तथा एक वर्ष तक उनकी सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में लगाए गए प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपी गई, जिससे उनमें प्रकृति के प्रति आत्मीयता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके।
विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
लोकदायित्व का "मेरा पौधा–मेरा भाई" अभियान वर्ष 2019 से निरंतर संचालित हो रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थी पौधों को भाई बनाकर उनका संरक्षण करते हैं, जिसके परिणामस्वरूप लगाए गए 85–90 प्रतिशत पौधे सुरक्षित एवं विकसित हो रहे हैं। यह अभियान आज पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने वाला एक अभिनव एवं प्रेरक मॉडल बन चुका है।