आजमगढ़: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ईको गार्डन का लोकार्पण किया गया। इसका निर्माण इंजीनियर एवं समाजसेवी सुनील कुमार यादव द्वारा प्रदान किए गए आर्थिक सहयोग से कराया गया है।
लोकार्पण के अवसर पर सुनील कुमार यादव ने कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियां विकसित करने का भी प्रमुख केंद्र है। ईको गार्डन के माध्यम से छात्राएं प्रकृति को नजदीक से समझेंगी और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को अपने जीवन में आत्मसात करेंगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और लगातार कम होती हरियाली गंभीर चुनौतियां हैं। इनका सामना करने के लिए नई पीढ़ी को जागरूक बनाना आवश्यक है। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी खातून ने इस सहयोग के लिए आभार जताया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालय कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।